नेपाल के पर्यटकों को श्रीलंका देगा फ्री वीजा, 1 जून से लागू होगी नई सुविधा

Sri Lanka ने नेपाली नागरिकों के लिए निःशुल्क पर्यटक वीजा की सुविधा शुरू करने का ऐलान किया है। अब Nepal के नागरिकों को पर्यटन उद्देश्य से श्रीलंका जाने पर मुफ्त इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन (ETA) वीजा उपलब्ध कराया जाएगा। यह नई व्यवस्था 1 जून से लागू होगी।

काठमांडू स्थित श्रीलंका दूतावास के अनुसार, नेपाल सहित दुनिया के 40 देशों के नागरिकों के लिए यह सुविधा शुरू की जा रही है। नए प्रावधान के तहत नेपाली यात्रियों को 30 दिनों की अवधि के लिए दो बार प्रवेश (डबल एंट्री) वाला पर्यटक वीजा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगा। पहले इस वीजा के लिए निर्धारित शुल्क देना पड़ता था।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से नेपाल और श्रीलंका के बीच पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और दोनों देशों के आपसी संबंध भी मजबूत होंगे।

हालांकि, श्रीलंका यात्रा पर जाने वाले नेपाली नागरिकों को रवाना होने से पहले अनिवार्य रूप से ETA प्राप्त करना होगा। इसके लिए यात्री श्रीलंका के इमिग्रेशन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या काठमांडू स्थित श्रीलंकाई दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।

श्रीलंका सरकार का यह कदम पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने और अधिक विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Share