दक्षिण कोरिया का दावा- उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें
South Korea ने दावा किया है कि North Korea ने मंगलवार को अपने पश्चिमी तट से समुद्र की ओर कई अज्ञात प्रक्षेपास्त्र दागे हैं। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ (JCS) के अनुसार, यह प्रक्षेपण उत्तरी प्योंग्यान प्रांत के जोंगजू क्षेत्र से किया गया और मिसाइलें पश्चिमी सागर की दिशा में छोड़ी गईं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे दागी गई ये मिसाइलें निकट श्रेणी की बैलिस्टिक मिसाइलें हो सकती हैं। दक्षिण कोरियाई सेना का कहना है कि मिसाइलें लगभग 80 किलोमीटर तक गईं और उनकी मारक क्षमता व तकनीकी विशेषताओं का विश्लेषण किया जा रहा है। इस वर्ष उत्तर कोरिया द्वारा यह आठवां मिसाइल परीक्षण बताया जा रहा है।
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा कि संभावित आगे के प्रक्षेपणों को देखते हुए निगरानी और सर्विलांस बढ़ा दी गई है। साथ ही इस घटनाक्रम की जानकारी अमेरिका और जापान को भी साझा की जा रही है, ताकि क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर संयुक्त रूप से नजर रखी जा सके।
दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पार्क इल ने नियमित प्रेस वार्ता में उत्तर कोरिया से तनाव कम करने और शांति नीति अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया परमाणु अप्रसार नीति का समर्थन करता है और कोरियाई प्रायद्वीप को पूर्ण रूप से परमाणु हथियारों से मुक्त बनाने के लक्ष्य पर कायम है।
गौरतलब है कि Kim Jong Un ने 2019 में अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के साथ परमाणु वार्ता विफल होने के बाद से मिसाइल और परमाणु कार्यक्रम को लगातार मजबूत किया है। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप कई बार बातचीत की इच्छा जता चुके हैं, लेकिन उत्तर कोरिया की ओर से अब तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






