शुरुआती गिरावट के बाद संभला शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान में लौटे
घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती कमजोरी के बाद रिकवरी देखने को मिली। कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी, लेकिन शुरुआती मिनटों में ही खरीदारों की मजबूत लिवाली से बाजार ने वापसी की और सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों हरे निशान में लौट आए।
सुबह के कारोबार में बिकवाली और मुनाफावसूली का दबाव भी देखने को मिला, जिससे बाजार की चाल कुछ समय के लिए कमजोर हुई। हालांकि बाद में फिर खरीदारी बढ़ने से दोनों प्रमुख सूचकांकों में सुधार दर्ज किया गया। शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.07 प्रतिशत और निफ्टी 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
BSE Sensex ने 264.82 अंक की गिरावट के साथ 76,224.14 अंक पर कारोबार की शुरुआत की थी। शुरुआती 15 मिनट में मजबूत खरीदारी के कारण यह 76,616.02 अंक तक पहुंच गया। सुबह करीब 10:15 बजे सेंसेक्स 55.69 अंक की बढ़त के साथ 76,544.65 अंक पर कारोबार कर रहा था।
वहीं NIFTY 50 ने 27.60 अंक की कमजोरी के साथ 24,004.10 अंक पर शुरुआत की। बाद में रिकवरी करते हुए यह 24,077.20 अंक तक पहुंचा। सुबह 10:15 बजे निफ्टी 31.95 अंक की मजबूती के साथ 24,063.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इन शेयरों में दिखी तेजी
शुरुआती कारोबार में टीएमपीवी, कोल इंडिया, एटरनल, अदाणी एंटरप्राइजेज और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयरों में 0.73 प्रतिशत से 2.63 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।
दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मास्युटिकल्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, मैक्स हेल्थकेयर और अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयरों में 0.77 प्रतिशत से 0.93 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।
बाजार की चौड़ाई (मार्केट ब्रेड्थ) भी सकारात्मक रही। शुरुआती कारोबार में करीब 2,996 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई, जिनमें 2,054 शेयर बढ़त में और 942 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे।
गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन सोमवार को भी बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 1,073.61 अंक की उछाल के साथ 76,488.96 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 312.40 अंक मजबूत होकर 24,031.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।






