ग्लोबल बाजारों से मिले-जुले संकेत: अमेरिका में तेजी, एशियाई बाजारों में मिश्रित कारोबार

ग्लोबल बाजारों से मंगलवार को मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी और यूरोपीय बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान मजबूत खरीदारी देखने को मिली, जबकि एशियाई बाजारों में आज मिश्रित रुख बना हुआ है। निवेशकों की नजरें फिलहाल पश्चिम एशिया की स्थिति और वैश्विक आर्थिक संकेतकों पर टिकी हुई हैं।

अमेरिकी बाजार में मजबूती

पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों के बीच अमेरिकी बाजार में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। अमेरिकी सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए।

S&P 500 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,473.47 अंक पर बंद हुआ। वहीं NASDAQ Composite 0.19 प्रतिशत चढ़कर 26,343.97 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा Dow Jones Industrial Average फ्यूचर्स में भी मजबूती देखने को मिल रही है और यह फिलहाल 324.76 अंक यानी 0.64 प्रतिशत बढ़कर 50,904.46 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में भी तेजी

यूरोप के बाजारों में भी पिछले सत्र के दौरान निवेशकों का उत्साह बना रहा। FTSE 100 0.22 प्रतिशत मजबूत होकर 10,466.26 अंक पर बंद हुआ।

फ्रांस का CAC 40 2.09 प्रतिशत की जोरदार छलांग के साथ 8,258.26 अंक तक पहुंच गया। वहीं जर्मनी का DAX 3.08 प्रतिशत की बड़ी तेजी के साथ 25,389.10 अंक पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में मिला-जुला कारोबार

एशियाई बाजारों में आज मिश्रित रुख देखने को मिल रहा है। नौ प्रमुख एशियाई बाजारों में से चार हरे निशान में, जबकि पांच लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।

दक्षिण कोरिया का KOSPI 3.30 प्रतिशत उछलकर 8,106.70 अंक पर कारोबार कर रहा है। वहीं Hang Seng Index 0.57 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,754 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। ताइवान वेटेड इंडेक्स और सेट कंपोजिट इंडेक्स में भी मामूली बढ़त दर्ज की गई है।

हालांकि, भारत के शुरुआती संकेतक गिफ्ट निफ्टी में कमजोरी दिखाई दे रही है और यह 97.50 अंक यानी 0.40 प्रतिशत गिरकर 24,029.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा Nikkei 225, शंघाई कंपोजिट और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में गिरावट देखी जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि भू-राजनीतिक हालात, कच्चे तेल की कीमतें और वैश्विक आर्थिक संकेतक आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Share

Similar Posts