दुर्ग में दर्दनाक सामूहिक आत्महत्या! दंपति ने दो बच्चों संग दी जान, सुसाइड नोट में पारिवारिक विवाद का जिक्र
दुर्ग में दर्दनाक सामूहिक आत्महत्या! दंपति ने दो बच्चों संग दी जान, सुसाइड नोट में पारिवारिक विवाद का जिक्र
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आर्य नगर इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि उनके दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है।
घर के अलग-अलग कमरों में मिले शव
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्णा साहू (13) और बेटे यशांत साहू (10) के रूप में हुई है। गोविंद साहू सुपेला स्थित एक शेयर ट्रेडिंग फर्म में निजी नौकरी करता था।
बताया जा रहा है कि बीती रात परिवार के रिश्तेदार पुरी (ओडिशा) से आए थे। सभी ने साथ में मिठाई और आइसक्रीम खाई, जिसके बाद परिवार सोने चला गया। शुक्रवार सुबह परिजनों ने घर के अंदर भयावह मंजर देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बच्चों को जहरीला पदार्थ देने की आशंका
पुलिस के अनुसार, एक कमरे में गोविंद साहू और दूसरे कमरे में चंचल साहू का शव फांसी पर लटका मिला। वहीं दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले कोई जहरीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या की।
मौके से मिला सुसाइड नोट
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और नोट की सत्यता की भी जांच की जा रही है।
एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फिलहाल मोहन नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






