भोपाल में आज लॉन्च होगा ऊर्जा विकास निगम का WhatsApp चैटबॉट, पीएम सूर्य घर योजना होगी और आसान

मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को डिजिटल रूप से बढ़ावा देने के लिए आज एक बड़ा कदम उठाया जाएगा। Madhya Pradesh Urja Vikas Nigam Limited (एमपीयूवीएनएल) द्वारा व्हाट्सऐप चैटबॉट और प्रचार वीडियो का शुभारंभ किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में Pradyuman Singh Tomar और Rakesh Shukla शामिल होकर चैटबॉट और प्रचार वीडियो लॉन्च करेंगे। इस पहल को Council on Energy, Environment and Water के सहयोग से तैयार किया गया है।
डिजिटल माध्यम से मिलेगी योजना की पूरी जानकारी
जनसंपर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने के अनुसार, नया WhatsApp चैटबॉट नागरिकों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी सरल और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराएगा। इससे लोग योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया, सोलर संयंत्र लगाने की जानकारी और अन्य जरूरी विवरण आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
इस पहल का उद्देश्य योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को डिजिटल रूप से जोड़ना है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकें।
पांच बड़े शहरों में एक साथ जागरूकता अभियान
मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड द्वारा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में एक साथ सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस अभियान का मकसद उपभोक्ताओं में विश्वास बढ़ाना, व्यवहारगत बदलाव को प्रोत्साहित करना और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना है।
योजना को मिल रहा सकारात्मक रिस्पॉन्स
प्रदेश में PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना तेजी से लोकप्रिय हो रही है। अब तक 1 लाख 96 हजार 791 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 1 लाख 24 हजार 663 सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी कुल क्षमता 467.06 मेगावाट तक पहुंच चुकी है।
भारत सरकार की ओर से इस योजना के तहत अब तक 879.69 करोड़ रुपये का अनुदान भी दिया जा चुका है, जिससे आम नागरिकों को सोलर ऊर्जा अपनाने और बिजली खर्च कम करने में मदद मिल रही है।
कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी, जिला कलेक्टर, बैंक प्रतिनिधि, बिजली वितरण कंपनियों, नगर निगम अधिकारियों और पंजीकृत वेंडर्स की भी भागीदारी रहेगी।






