| |

ग्वालियर विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा: ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, 3.64 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन

ग्वालियर विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा: ऊर्जा मंत्री तोमर

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और वह समय दूर नहीं जब शहर का नाम प्रदेश के विकसित शहरों में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं, अब लक्ष्य शहर को स्वच्छता में नंबर वन, सुंदर, प्रदूषण मुक्त और नशा मुक्त बनाना है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शुक्रवार को ग्वालियर उप नगर के वार्ड 4 और 12 में करीब 3.64 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, विद्युत वितरण कंपनी सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री तोमर ने कहा कि इन विकास कार्यों का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में ये परियोजनाएं नागरिकों के लिए सुविधा और आकर्षण का केंद्र बनेंगी। उन्होंने कहा कि हर वार्ड और हर गली को बेहतर बनाने का संकल्प लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लोगों से ग्वालियर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को विकसित बनाने के लिए जनभागीदारी भी बेहद जरूरी है।

इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

ऊर्जा मंत्री ने वार्ड 4 और 12 में पार्क, सड़क, नाली, सीवर लाइन, कम्युनिटी हॉल और सामुदायिक भवन मरम्मत सहित कई निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 24 बीघा कॉलोनी में पार्क निर्माण, गुरुनानक नगर में नाली निर्माण, बहोड़ापुर में सीसी रोड एवं सीवर लाइन, ओमनगर में नाला निर्माण, चंदन नगर शमशान रोड तक सड़क निर्माण, बंडाचूरा में कम्युनिटी हॉल, राय कॉलोनी में पार्क निर्माण और विभिन्न स्थानों पर सीमेंट कांक्रीट रोड व बाउंड्री वॉल निर्माण शामिल हैं।

इस दौरान मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच स्थानीय ऑटो मोबाइल मैकेनिक रोहित जाटव की दुकान पर पहुंचकर उनकी माता द्वारा भेजे गए टिफिन से भोजन भी किया, जिसकी स्थानीय लोगों में चर्चा रही।

Share

Similar Posts