| |

नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द, कथित अनियमितताओं की जांच अब सीबीआई करेगी

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने रद्द कर दिया है। परीक्षा में कथित अनियमितताओं और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया। साथ ही केंद्र सरकार ने पूरे मामले की व्यापक जांच Central Bureau of Investigation (सीबीआई) को सौंप दी है।

एनटीए ने मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा की प्रक्रिया को मौजूदा परिस्थितियों में जारी रखना संभव नहीं है। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता, निष्पक्षता और छात्रों के विश्वास को बनाए रखने के लिए परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

एजेंसी के अनुसार, नई परीक्षा तिथि और दोबारा जारी किए जाने वाले एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी जल्द ही आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएगी। एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों से बचें।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि मई 2026 परीक्षा चक्र के लिए जिन अभ्यर्थियों ने पहले से पंजीकरण कराया था, उनका डेटा, आवेदन स्थिति और चुने गए परीक्षा केंद्र पुनर्परीक्षा के लिए मान्य रहेंगे। छात्रों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी और उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।

एजेंसी ने यह भी कहा कि पहले जमा की गई परीक्षा फीस अभ्यर्थियों को वापस की जाएगी, जबकि पुनर्परीक्षा का पूरा खर्च एनटीए अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगी।

सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी है। एनटीए ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को सभी जरूरी दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य सहयोग उपलब्ध कराएगी, ताकि परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच हो सके।

गौरतलब है कि नीट-यूजी देशभर के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली सबसे महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जाती है। ऐसे में परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों और उनके परिवारों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, एनटीए का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में छात्रों का भरोसा बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक था।

Share

Similar Posts