| |

सोमनाथ मंदिर में आज कुंभाभिषेक के साक्षी बनेंगे प्रधानमंत्री मोदी, 11 पवित्र तीर्थों के जल से होगा शिखर अभिषेक

भगवान शिव के 12 पवित्र ज्योतिर्लिंगों में प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर में आज एक ऐतिहासिक और दिव्य आयोजन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार सुबह लगभग 10:15 बजे सोमनाथ मंदिर में आयोजित कुंभाभिषेक समारोह के साक्षी बनेंगे। यह आयोजन सोमनाथ अमृत महोत्सव के तहत किया जा रहा है, जो पुनर्निर्मित मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है।

इस विशेष अवसर पर पहली बार सोमनाथ मंदिर के भव्य शिखर पर विशेष कलश के माध्यम से देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया जाएगा। इसे मंदिर के गौरवशाली इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, इस आयोजन के लिए करीब आठ फीट ऊंचा विशेष कलश तैयार किया गया है, जिसकी क्षमता 1100 लीटर है। इसकी कुल संरचना का वजन 1860 किलोग्राम, जबकि केवल कलश का वजन 760 किलोग्राम बताया गया है। इसे 90 मीटर ऊंची क्रेन की मदद से मंदिर के शिखर तक पहुंचाया जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक, अत्याधुनिक रिमोट कंट्रोल और सेंसर प्रणाली की सहायता से मात्र तीन मिनट में शिखर अभिषेक प्रक्रिया पूरी होगी। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और घंटों की गूंज के बीच 11 पवित्र तीर्थों के जल से मंदिर शिखर का अभिषेक किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान विशेष महापूजा, कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण समारोह में भी शामिल होंगे। साथ ही वे सोमनाथ मंदिर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित स्मारक डाक टिकट और विशेष सिक्का भी जारी करेंगे।

कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहेंगे। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु सोमनाथ पहुंच चुके हैं, जबकि मंदिर परिसर को भव्य फूलों की सजावट से सजाया गया है।

गौरतलब है कि अरब सागर के तट पर स्थित प्रभास पाटन का सोमनाथ मंदिर भारत की आस्था और सनातन परंपरा का प्रमुख प्रतीक माना जाता है और यह देश के सबसे प्रतिष्ठित तीर्थ स्थलों में शामिल है।

Share

Similar Posts