महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन में दिल्ली-गोवा के मंत्रियों ने किए दर्शन, भस्म आरती में शामिल होकर मांगी देश की सुख-समृद्धि

उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब दिल्ली सरकार के गृहमंत्री आशीष सूद और गोवा सरकार के कैबिनेट मंत्री सुभाष उत्तम फल देसाई ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

गोवा के मंत्री सुभाष देसाई ने सुबह करीब 4 बजे नंदी हॉल से भस्म आरती के दर्शन किए और चांदी द्वार से भगवान का आशीर्वाद लिया। वहीं दिल्ली के गृहमंत्री आशीष सूद सुबह 7:30 बजे आयोजित दद्योदक आरती में शामिल हुए और पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रबंध समिति ने दोनों अतिथियों का सम्मान किया।

भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में भगवान महाकाल का पंचामृत से अभिषेक किया गया, जिसके बाद विधिवत श्रृंगार कर उन्हें राजाधिराज स्वरूप प्रदान किया गया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में “जय महाकाल” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या भस्म आरती में शामिल हुई और नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर आशीर्वाद मांगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल साकार रूप में दर्शन देते हैं, जिससे इस आरती का विशेष महत्व माना जाता है।

Share

Similar Posts