|

पश्चिम बंगाल के 152 सीटों पर पहले चरण का मतदान आज, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर भी वोटिंग

देश में आज चुनावी माहौल चरम पर है, जहां पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान हो रहा है, वहीं तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की सभी 234 सीटों पर भी एक ही चरण में वोटिंग जारी है।

पश्चिम बंगाल में यह मतदान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद कराया जा रहा है। पहले चरण में कुल 16 जिलों की 152 सीटों को शामिल किया गया है, जिसमें उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और जंगलमहल क्षेत्र प्रमुख हैं।

चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राज्य में कुल 2,407 कंपनियों के केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं। खासतौर पर पूर्व मेदिनीपुर जिले में सबसे ज्यादा 273 कंपनियां कानून व्यवस्था संभाल रही हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में केंद्रीय बलों की निगरानी रहेगी और हर बूथ पर चार जवान तैनात किए गए हैं।

चुनाव आयोग ने ईवीएम (Electronic Voting Machine) की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। यदि किसी भी मशीन के बटन पर इत्र, कालिख, गोंद या किसी रासायनिक पदार्थ के उपयोग के संकेत मिलते हैं, तो उसे ‘वोट टेंपरिंग’ माना जाएगा और संबंधित बूथ पर मतदान रद्द कर पुनर्मतदान कराया जा सकता है। पीठासीन अधिकारियों को मतदान शुरू होने से पहले ईवीएम की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। राज्य में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और 4,023 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला द्रमुक (DMK) गठबंधन और अन्नाद्रमुक (AIADMK) गठबंधन के बीच माना जा रहा है, जिससे चुनाव बेहद दिलचस्प हो गया है।

देश की नजरें आज इन दोनों राज्यों पर टिकी हैं, जहां मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

Share

Similar Posts