भोपाल में लेंसकार्ट शोरूम के बाहर विरोध प्रदर्शन, ड्रेस कोड विवाद ने पकड़ा तूल

भोपाल में लेंसकार्ट शोरूम से जुड़ा कथित ड्रेस कोड विवाद सोमवार से तूल पकड़ता जा रहा है। न्यू मार्केट के रोशनपुरा स्थित शोरूम के बाहर मंगलवार को हिंदू उत्सव समिति के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शोरूम कर्मचारियों को तिलक लगाया और मंत्रोच्चार के साथ कलावा बांधा। समिति ने इस मामले को लेकर लेंसकार्ट के बहिष्कार की अपील भी की है। संगठन का कहना है कि धार्मिक प्रतीकों जैसे तिलक, कलावा और बिंदी का सम्मान किया जाना चाहिए और इनके खिलाफ किसी भी तरह की नीति स्वीकार नहीं की जाएगी।

मध्य प्रदेश संत समिति के अध्यक्ष ने भी कथित गाइडलाइन को लेकर नाराजगी जताते हुए इसे गलत बताया और कहा कि भारत की पहचान उसकी सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से है।

वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

दूसरी ओर, शोरूम कर्मचारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें तिलक या कलावा पहनने से कभी नहीं रोका गया। उनके अनुसार, सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाएं वास्तविक स्थिति से अलग हैं और कार्यस्थल पर ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं है।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक कथित कंपनी पॉलिसी डॉक्यूमेंट वायरल हुआ, जिसमें धार्मिक प्रतीकों को लेकर प्रतिबंध का दावा किया गया था। हालांकि कंपनी के सीईओ ने बाद में बयान जारी कर सभी धर्मों का सम्मान करने और कर्मचारियों को धार्मिक स्वतंत्रता देने की बात कही, लेकिन विरोध प्रदर्शन जारी है।

Share

Similar Posts