महाराष्ट्र के ठाणे में भीषण सड़क हादसा, दो वाहनों की टक्कर में 8 की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना कल्याण-अहिल्या नगर हाईवे पर रायते गांव के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, मुरबाड़ से कल्याण की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन सुबह करीब 11 बजे नए पुल के पास सामने से आ रहे सिमेंट मिक्सर वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही आठ लोगों की मौत हो गई।
घटना में घायल एक व्यक्ति को तुरंत मुरबाड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल टिटवाला पुलिस स्टेशन की टीम मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, खासकर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर।






