छत्तीसगढ़ के कांकेर में मुठभेड़: पांच लाख की इनामी महिला नक्सली ‘रूपी’ ढेर

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के छोटेबेठिया इलाके में सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में पांच लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली ‘रूपी’ उर्फ रूपी रेड्डी को मार गिराया गया।
पुलिस के अनुसार, छोटेबेठिया क्षेत्र के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद विशेष टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। घेराबंदी के दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान महिला नक्सली रूपी मारी गई। मौके से उसका शव और एक रिवॉल्वर बरामद किया गया है।
कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सलियों को कई बार आत्मसमर्पण का मौका दिया गया था, लेकिन उन्होंने हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ा। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है, क्योंकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका बनी हुई है।
मृत नक्सली की पहचान रतापुर एरिया कमेटी की सक्रिय सदस्य रूपी रेड्डी के रूप में हुई है। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थी और उत्तर बस्तर क्षेत्र में सक्रिय प्रमुख कैडर में शामिल मानी जाती थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रूपी रेड्डी स्टेट कमेटी मेंबर विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो पहले एक मुठभेड़ में मारा जा चुका है। बताया जा रहा है कि रूपी क्षेत्र में नक्सलियों को आत्मसमर्पण से रोकने में सक्रिय भूमिका निभा रही थी।
गौरतलब है कि सरकार और प्रशासन द्वारा लंबे समय से नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 31 मार्च तक आत्मसमर्पण का विशेष अवसर भी दिया गया था, लेकिन कई सक्रिय नक्सलियों ने इसे नजरअंदाज कर दिया।
सुरक्षाबलों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और हिंसा का रास्ता अपनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






