इंडिगो-BIAL का बड़ा कदम: IATA के साथ कॉन्टैक्टलेस इंटरनेशनल ट्रैवल का सफल परीक्षण
इंडिगो और बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (BIAL) ने इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के सहयोग से कॉन्टैक्टलेस अंतरराष्ट्रीय यात्रा परियोजना का सफल तकनीकी परीक्षण पूरा कर लिया है।
यह परीक्षण केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बेंगलुरु में किया गया, जिसमें टिकटिंग, बुकिंग मैनेजमेंट से लेकर बायोमेट्रिक-आधारित यात्रा तक पूरा ट्रैवल प्रोसेस शामिल था।
इंडिगो के अनुसार, यह पहल IATA के वैश्विक अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत दुनियाभर में कॉन्टैक्टलेस इंटरनेशनल यात्रा के लिए नई तकनीकों का परीक्षण किया जा रहा है।
इस परियोजना में डिजी यात्रा फाउंडेशन के साथ मिलकर बायोमेट्रिक टेक्नोलॉजी और सेल्फ-सॉवरेन आइडेंटिटी (SSI) आधारित इकोसिस्टम का उपयोग किया गया। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर बिना किसी कागजी प्रक्रिया के सहज और तेज अनुभव मिल सकता है।
इसके अलावा, ऐप-टू-ऐप इंटीग्रेशन के जरिए मोबाइल ऐप्स के बीच बोर्डिंग पास शेयर करने की सुविधा भी विकसित की गई है, जिससे यात्रा प्रक्रिया और अधिक सरल हो गई है।
इंडिगो के चीफ डिजिटल और इंफॉर्मेशन ऑफिसर नीतन चोपड़ा ने कहा कि यह ट्रायल डिजिटल पहचान और बायोमेट्रिक टेक्नोलॉजी के जरिए भविष्य की हवाई यात्रा को आसान और निर्बाध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने विश्वास जताया कि IATA, डिजी यात्रा और BIAL के साथ यह साझेदारी वैश्विक स्तर पर एयर ट्रैवल के अनुभव को बदलने में अहम भूमिका निभाएगी।
