|

तमिलनाडु चुनाव 2026: पीएम मोदी ने चेन्नई में भाजपा नेताओं संग बनाई रणनीति

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में नरेन्द्र मोदी ने चेन्नई में भाजपा नेताओं के साथ महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक की।

गिंडी स्थित एक होटल में आयोजित इस बैठक में चुनावी रणनीति, प्रचार अभियान और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी नेताओं को चुनावी तैयारियों को तेज करने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।

बैठक में केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल, एल. मुरुगन, नैनार नागेंद्रन, के. अन्नामलाई, तमिलिसाई साउंडरराजन और वनाथी श्रीनिवासन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि जनसभाओं की संख्या बढ़ाई जाएगी और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा, ताकि चुनाव में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी पुडुचेरी में चुनाव प्रचार के बाद चेन्नई पहुंचे थे, जहां उन्होंने रोड शो कर भाजपा गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में जनसंपर्क किया।

गौरतलब है कि तमिलनाडु में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के नेतृत्व वाले गठबंधन में भाजपा 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने मायलापुर, अविनाशी, कोयंबटूर उत्तर, सत्तूर और विलवन्कोडु समेत कई सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि आक्रामक प्रचार और मजबूत रणनीति के जरिए पार्टी राज्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।


Share