पश्चिम बंगाल दौरे पर सीएम मोहन यादव, भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन और रैली में होंगे शामिल

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर रहेंगे। वे राज्य में चल रहे विधानसभा चुनाव के तहत भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगे और नामांकन प्रक्रिया में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे दुर्गापुर पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर के जरिए बांकुरा जिला जाएंगे, जहां जिला कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया में भाग लेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री बांकुरा में आयोजित चुनावी रैली को भी संबोधित करेंगे। वे भाजपा उम्मीदवारों—चांदना बारी (सलतोरा), सत्यनारायण मुखोपाध्याय (छतना), नीलाद्री शेखर दाना (बांकुरा), बिलेश्वर सिंघा (बरजोरा) और अमरनाथ शाखा (ओंडा)—के नामांकन में शामिल होंगे।
चुनावी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 3 बजे करगहिर (बांकुरा) से हेलीकॉप्टर द्वारा दुर्गापुर लौटेंगे और वहां से विशेष विमान से भोपाल के लिए रवाना होंगे।
पश्चिम बंगाल में भाजपा अपने चुनाव अभियान को तेज कर रही है और विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को प्रचार में उतारा गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव का यह दौरा भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।






