रूस का सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त, छह क्रू सदस्यों समेत 29 लोगों की मौत

Russia के क्रीमिया क्षेत्र में Antonov An-26 सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 29 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 23 यात्री और 6 क्रू सदस्य शामिल हैं।
TASS News Agency की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा 31 मार्च को हुआ, जब नियमित उड़ान के दौरान विमान से संपर्क टूट गया। बाद में खोज एवं बचाव दल ने दुर्घटनास्थल का पता लगाया।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे का संभावित कारण बताया गया है।
बताया जा रहा है कि यह विमान क्रीमिया के ऊपर उड़ान भरते समय एक चट्टान से टकरा गया, जिसके बाद यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
Antonov An-26 एक हल्का सामरिक सैन्य परिवहन विमान है, जिसका उपयोग दशकों से सेना द्वारा किया जा रहा है। यह विमान छोटी और मध्यम दूरी तक माल और लगभग 40 यात्रियों को ले जाने में सक्षम होता है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि हादसे की विस्तृत जांच के लिए एक विशेष आयोग गठित किया गया है, जो दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाएगा।






