ओली की गिरफ्तारी के विरोध में सड़कों पर उतरे समर्थक, नेपाल में लगातार प्रदर्शन

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री K P Sharma Oli की गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थकों ने सोमवार को भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। राजधानी Kathmandu में लगातार दूसरे दिन सड़कों पर उतरकर लोगों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
यूएमएल के सचिव महेश बस्नेत ने माइतीघर में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की थी। उन्होंने वर्तमान सरकार पर निरंकुश तरीके से काम करने का आरोप लगाया और कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है।
प्रदर्शन काठमांडू के माइतीघर मण्डला से शुरू होकर नए बानेश्वर स्थित एभरेस्ट होटल के सामने तक पहुंचा। यह प्रदर्शन यूएमएल की बागमती प्रदेश इकाई के आह्वान पर किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने ‘प्रतिशोध की राजनीति बंद करो’ और ‘अध्यक्ष ओली को रिहा करो’ जैसे नारे लगाए। गौरतलब है कि शनिवार को गिरफ्तारी के बाद से ही एमाले लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है और आंदोलन तेज होता जा रहा है।
दरअसल, जेनजी आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर जांच आयोग ने ओली को उस समय के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की सिफारिश की थी। इसी आधार पर पुलिस ने शनिवार को उन्हें गिरफ्तार किया, जिसके बाद से देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।






