जयशंकर ने जी7 विदेशमंत्रियों से वैश्विक शासन सुधार पर चर्चा की

पेरिस, 27 मार्च (हि.स.)। भारत के विदेशमंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने फ्रांस में हो रहे जी7 विदेशमंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया और ‘वैश्विक शासन में सुधार’ विषयक सत्र को संबोधित किया। भारत जी7 का सदस्य नहीं है, लेकिन फ्रांस के बुलावे पर जयशंकर को इस बैठक में आमंत्रित किया गया। यह बैठक पेरिस के पास वॉक्स-डे-सेर्ने एबे में आयोजित की गई।
जयशंकर ने अपने संबोधन में यूएन सुरक्षा परिषद में सुधार की आवश्यकता, शांति स्थापना अभियानों के अधिक सुव्यवस्थित संचालन और वैश्विक मानवीय आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से ‘ग्लोबल साउथ’ की ऊर्जा चुनौतियों, उर्वरक आपूर्ति और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को उठाया।
फ्रांस पहुंचने पर जयशंकर का वहां के विदेशमंत्री जीन-नोएल बैरोट ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जयशंकर ने बैठक के दौरान साझा फोटोज और अपनी सहभागिता के अनुभव भी एक्स पर साझा किए।
इस बैठक में वैश्विक शासन, विकासशील देशों की चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को लेकर व्यापक चर्चा हुई। विशेषज्ञों के अनुसार, भारत का यह योगदान वैश्विक मंच पर उसकी सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका को दर्शाता है।






