| |

शिवपुरी का वृहद स्वास्थ्य शिविर बना रिकॉर्डधारी, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज उपलब्धि

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। यह शिविर एक ही स्थान पर आयोजित सबसे बड़े निःशुल्क मल्टी-स्पेशियलिटी चिकित्सा शिविर के रूप में दर्ज किया गया है।

जनसम्पर्क अधिकारी प्रियंका शर्मा के अनुसार, यह शिविर 17 मार्च से 24 मार्च 2026 तक रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के माध्यम से आयोजित किया गया। इसमें देशभर से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों, चिकित्सा स्टाफ और स्वयंसेवकों ने हजारों मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।

इस शिविर की खासियत यह रही कि मरीजों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क परामर्श, जांच, दवाइयां और उपचार उपलब्ध कराए गए। यह पहल न केवल जन-स्वास्थ्य को मजबूत करने में सहायक रही, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण साबित हुई। इस उपलब्धि को 24 मार्च 2026 को आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महानार्यमन सिंधिया ने कहा कि इस रिकॉर्ड में योगदान देने वाले सभी स्वयंसेवकों का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन में बिना शिकायत के सेवाएं प्रदान करना उत्कृष्ट प्रबंधन का उदाहरण है। साथ ही उन्होंने डिजिटल व्यवस्था और क्यूआर कोड आधारित पंजीयन प्रणाली की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में विधायक देवेन्द्र जैन और महेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। अंत में श्री प्रदीप पाराशर ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव सहित रोटरी क्लब के पदाधिकारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

शिविर में उमड़ी मरीजों की भारी भीड़

वृहद स्वास्थ्य शिविर में लगातार बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। सोमवार को शिविर के सातवें दिन कुल 11,436 मरीजों ने पंजीयन कराया, जिनमें विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया गया। वहीं 478 मरीजों को आगे उपचार के लिए रेफर किया गया।

निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा

शिविर में मरीजों के लिए कई महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं। इनमें

  • सीटी स्कैन: 70
  • एमआरआई: 203
  • एक्स-रे: 2133
  • पैथोलॉजी जांच: 1031
  • ईसीएचओ: 85
  • सोनोग्राफी: 656
  • सर्जरी: 231
  • फाइब्रो स्कैन: 60

यह वृहद स्वास्थ्य शिविर जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है, जिसने प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में एक नई मिसाल कायम की है।

Share

Similar Posts