टीवी में अब इनबिल्ट सेट-टॉप बॉक्स, 450+ चैनल मुफ्त देखने की सुविधा शुरू

केंद्र सरकार ने देश में डिजिटल ब्रॉडकास्टिंग और कंटेंट इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए बड़ी पहल की है। अब देश में बनने वाले सभी टीवी सेटों में इनबिल्ट सेट-टॉप बॉक्स (टीवी ट्यूनर) अनिवार्य रूप से शामिल होगा, जिससे दर्शक 450 से अधिक टीवी चैनल मुफ्त देख सकेंगे।
तीन बड़ी पहलों का शुभारंभ
रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल भवन में आयोजित कार्यक्रम में तीन प्रमुख पहलों—माईवेब्स डिजिटल प्लेटफॉर्म, टीवी ट्यूनर व एडवांस ईपीजी और नेशनल एआई स्किलिंग इनीशिएटिव—का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सूचना प्रसारण सचिव संजय जाजू, प्रसार भारती के CEO गौरव द्विवेदी और गूगल-यूट्यूब इंडिया के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अब अलग से सेट-टॉप बॉक्स की जरूरत नहीं
मंत्री वैष्णव ने कहा कि अब टीवी देखने के लिए अलग से सेट-टॉप बॉक्स लगाने की जरूरत नहीं होगी। टीवी में लगे छोटे ट्यूनर कार्ड के जरिए ही करीब 450 चैनल मुफ्त देखे जा सकेंगे। हालांकि, डिश एंटीना लगाना आवश्यक होगा।
AI स्किलिंग और कंटेंट क्रिएशन को बढ़ावा
सरकार ने नेशनल एआई स्किलिंग इनीशिएटिव के तहत देशभर में 15,000 लैब स्थापित करने की योजना बनाई है। इन लैब्स के माध्यम से युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को ऑडियो-विजुअल कंटेंट निर्माण में AI के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
माईवेब्स प्लेटफॉर्म से मिलेगा नया अवसर
माईवेब्स डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कंटेंट क्रिएटर्स को अपना कंटेंट बनाने, अपलोड करने और साझा करने का मंच मिलेगा। यह पहल भारत की ऑरेंज इकोनॉमी (क्रिएटिव इकोनॉमी) को बढ़ावा देने में सहायक होगी।
डिजिटल और तकनीकी लोकतंत्रीकरण पर जोर
वैष्णव ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन को आगे बढ़ाती है, जिसमें तकनीक को हर घर तक पहुंचाना और सभी को उच्च गुणवत्ता वाला कंटेंट उपलब्ध कराना शामिल है।
सरकार की इन पहलों से न केवल दर्शकों को मुफ्त मनोरंजन मिलेगा, बल्कि देश में डिजिटल कंटेंट और तकनीकी कौशल के विकास को भी नई गति मिलेगी।






