|

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी 23 मार्च को शुरू करेंगे 7वीं खनिज नीलामी, 19 ब्लॉकों की होगी बोली

केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी किशन रेड्डी 23 मार्च को महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की सातवीं नीलामी चरण की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी मौजूद रहेंगे।

खनन मंत्रालय के अनुसार, सरकार ने खनिज क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 में 17 अगस्त 2023 को संशोधन किया था। इस संशोधन के तहत 24 खनिजों को महत्वपूर्ण और रणनीतिक श्रेणी में शामिल किया गया है, जिससे केंद्र सरकार को इनकी नीलामी का अधिकार मिला है।

मंत्रालय ने बताया कि अब तक छह चरणों में 46 खनिज ब्लॉकों का सफल आवंटन किया जा चुका है। सातवें चरण में देश के विभिन्न राज्यों के 19 ब्लॉकों की नीलामी की जाएगी।

ये खनिज ब्लॉक स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत तकनीक, उर्वरक और रणनीतिक उद्योगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। खासतौर पर लिथियम, ग्रेफाइट, रेयर अर्थ तत्व, टंगस्टन, वैनाडियम और टाइटेनियम जैसे खनिजों की मांग वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ रही है।

सरकार ने नीलामी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने के लिए कई सुधार किए हैं। मिनरल (ऑक्शन) संशोधन नियमों के तहत पोस्ट-ऑक्शन प्रक्रियाओं को आसान किया गया है और बैंक गारंटी के विकल्प के रूप में इंश्योरेंस श्योरिटी बॉन्ड की सुविधा भी प्रदान की गई है।

नीलामी पूरी तरह ऑनलाइन और दो चरणों की पारदर्शी प्रक्रिया के तहत होगी, जिसमें सबसे अधिक बोली लगाने वाले को खनिज ब्लॉक आवंटित किया जाएगा।

Share

Similar Posts