|

असम के तिनसुकिया में पुलिस कमांडो कैंप पर ग्रेनेड हमला, चार जवान घायल

असम के तिनसुकिया जिले में स्थित पुलिस कमांडो कैंप पर तड़के ग्रेनेड हमला हुआ, जिसमें चार जवान घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जागुन के दस माइल इलाके में स्थित कैंप पर करीब दो बजे अज्ञात हमलावरों ने पांच ग्रेनेड फेंके, जिसके बाद भारी गोलीबारी शुरू हो गई।

हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। यह मुठभेड़ करीब 30 मिनट तक चली। घटना में चार जवान घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीन को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल जवानों में जोरहाट के चित्रंजन मिली, देवाशीष बोरा, चाबुआ के रवि गर समेत एक अन्य शामिल हैं।

फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पुलिस को उल्फा-आई (ULFA-I) की संभावित भूमिका पर संदेह है।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन, नाकेबंदी और हवाई निगरानी तेज कर दी है।

अरुणाचल प्रदेश की सीमा से लगे इस क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं होती रही हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

असम विधानसभा चुनाव के बीच इस हमले ने सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

Share

Similar Posts