| |

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर आज फिर होगी चर्चा, सदन में तीखी बहस के आसार

लोकसभा में आज अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा एक बार फिर शुरू होगी। इस मुद्दे को लेकर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।

यह प्रस्ताव कांग्रेस सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने मंगलवार को सदन में पेश किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष के नेता और अन्य विपक्षी सांसदों को सदन में अपने विचार रखने से रोका और कुछ महिला सांसदों पर निराधार आरोप लगाए।

डॉ. जावेद ने यह भी कहा कि अध्यक्ष सदन की कार्यवाही में निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहे हैं, इसलिए उन्हें पद से हटाने का प्रस्ताव लाया गया है।

सरकार ने किया प्रस्ताव का विरोध

प्रस्ताव का विरोध करते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन का संचालन पूरी तरह निष्पक्ष और नियमों के अनुसार किया है।

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव लाया गया है

कई सांसदों ने भी किया विरोध

इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने भी विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन की कार्यवाही को बाधित करने की कोशिश कर रहा है।

राहुल गांधी के भाषण का भी उठा मुद्दा

इससे पहले कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी को अध्यक्ष ने कई बार बाधित किया

कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और डीएमके के सांसदों ने प्रस्ताव के समर्थन में अपनी बात रखी।

हालांकि पहले दिन की चर्चा किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी।

राज्यसभा में भी होगी चर्चा

वहीं राज्यसभा में आज ग्रामीण विकास मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा आगे बढ़ाई जाएगी।

संसद के दोनों सदनों में आज के दिन राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बहस होने की संभावना जताई जा रही है।

Share

Similar Posts