अदा शर्मा ने ‘द केरल स्टोरी 2’ में न होने पर तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों नहीं हो रही चर्चा

निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड‘ सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। साल 2023 में रिलीज हुई पहली फिल्म ‘द केरल स्टोरी‘ की सफलता के बाद इसका सीक्वल लाया गया। हालांकि पहली फिल्म की मुख्य अभिनेत्री अदा शर्मा इस सीक्वल में नजर नहीं आईं।

एक कार्यक्रम में अदा शर्मा ने इस पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा, “जिस फिल्म में नहीं होती, उस पर बोलना सही नहीं है।” उन्होंने बताया कि उन्हें केवल उन फिल्मों के बारे में बात करना पसंद है जिनमें वह काम करती हैं। अभिनेत्री ने आगे कहा कि सीक्वल का प्रस्ताव उन्हें मिला या नहीं, यह फिल्म निर्माताओं और कलाकार के बीच निजी मामला है, जिसे सार्वजनिक रूप से चर्चा का विषय नहीं बनाना चाहिए।

बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर भी दिया जवाब
अदा शर्मा ने फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उनके लिए सबसे अहम दर्शकों का प्यार है। उन्होंने कहा, “मेरे दर्शक मुझे हर फिल्म में देखना चाहते हैं। मेरी पहली फिल्म ‘1920’ से लेकर ‘द केरल स्टोरी’ तक अलग-अलग किरदार निभाने का मौका मिला।”

कमाई में पिछड़ा सीक्वल
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड‘ ने रिलीज़ के पहले सप्ताह में लगभग 22.55 करोड़ रुपये कमाए। वहीं पहली फिल्म ‘द केरल स्टोरी‘ ने अपने पहले सप्ताह में 81.14 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस लिहाज से सीक्वल बॉक्स ऑफिस पर पहली फिल्म से काफी पीछे है।

Share

Similar Posts