ग्रामीण विकास मंत्रालय ने शुरू किया राष्ट्रव्यापी वीबी जी राम जी युवा डिजिटल अभियान

ग्रामीण विकास मंत्रालय, माई भारत के सहयोग से आज से पूरे भारत में वीबी जी राम जी युवा डिजिटल अभियान शुरू कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य विकसित भारत – ग्रामीण रोजगार और आजीविका मिशन अधिनियम, 2025 के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना है।
अभियान विशेष रूप से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को केंद्र में रखकर डिज़ाइन किया गया है। इसमें प्रश्नोत्तरी, वीडियो चुनौतियाँ और रचनात्मक प्रतियोगिताओं जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को जोड़कर इसे एक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जन आंदोलन बनाने का लक्ष्य है।
इसके तहत आज से राष्ट्रीय स्तर की शार्ट वीडियो, रील या एनिमेटेड वीडियो प्रतियोगिता ‘60 सेकंड फॉर माई विलेज’ शुरू की जा रही है। प्रतिभागियों का चयन रचनात्मकता, मौलिकता, तकनीकी गुणवत्ता और विषय प्रासंगिकता के आधार पर किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवा माई भारत पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। मंत्रालय का कहना है कि यह अभियान युवाओं की सहभागिता बढ़ाकर ग्रामीण विकास और रोजगार संबंधी पहलों को डिजिटल रूप में फैलाने का एक महत्वपूर्ण कदम है।






