|

वरिष्ठ पत्रकार मार्क टुली का दिल्ली में निधन, 90 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कार्पोरेशन (BBC) के वरिष्ठ पत्रकार और प्रसिद्ध लेखक मार्क टुली का रविवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह लगभग 90 वर्ष के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके करीबी मित्र और वरिष्ठ पत्रकार सतीश जैकब ने की।

24 अक्टूबर 1935 को कोलकाता में जन्मे मार्क टुली भारतीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और गहन दृष्टि रखने वाले पत्रकार के रूप में पहचाने जाते थे। उन्होंने बीबीसी में लंबा कार्यकाल निभाया और लगभग 22 वर्षों तक नई दिल्ली ब्यूरो प्रमुख के रूप में सेवाएं दीं।

मार्क टुली ने भारत से जुड़ी कई ऐतिहासिक और संवेदनशील घटनाओं को कवर किया, जिनमें प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का अंतिम संस्कार, इंदिरा गांधी के साक्षात्कार, ऑपरेशन ब्लू स्टार, राजीव गांधी की हत्या, और अयोध्या विवाद जैसी घटनाएं प्रमुख हैं। उन्होंने 1977 के बाद भारत लौटकर इंदिरा गांधी के कई साक्षात्कार किए और ऑपरेशन ब्लू स्टार से पहले जरनैल सिंह भिंडरावाले से भी बातचीत की थी।

लेखक और प्रसारक के रूप में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने ‘India in Slow Motion’, ‘No Full Stops in India’, ‘The Heart of India’, ‘Amritsar: Mrs Gandhi’s Last Battle’ और ‘India: The Road Ahead’ जैसी चर्चित पुस्तकें लिखीं। बीबीसी रेडियो के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘Something Understood’ के माध्यम से उन्होंने समाज, आस्था और मानवीय मूल्यों पर गहन विमर्श प्रस्तुत किया।

पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें 2002 में ब्रिटेन सरकार द्वारा नाइटहुड की उपाधि प्रदान की गई, वहीं भारत सरकार ने 2005 में पद्म भूषण से सम्मानित किया।

मार्क टुली का निधन न केवल पत्रकारिता जगत के लिए, बल्कि भारत-ब्रिटेन मीडिया संबंधों के इतिहास में भी एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Share

Similar Posts