नई दिल्ली: निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करेगा पंचायती राज मंत्रालय, पंचम चैटबॉट का होगा शुभारंभ

पंचायती राज मंत्रालय आज राजधानी नई दिल्ली में देशभर से आए निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करेगा। इन प्रतिनिधियों को गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

सम्मानित किए जाने वाले प्रतिनिधियों में लगभग 240 सरपंच, मुखिया, ग्राम प्रधान, खंड पंचायत और जिला पंचायत अध्यक्ष शामिल हैं। ये सभी उन पंचायतों से संबंधित हैं, जिन्होंने केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में पूर्ण उपलब्धि हासिल की है और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्यान्वयन का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

इस विशेष अवसर पर मंत्रालय द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से विकसित पंचायत सहायता एवं संदेश सेवा ‘पंचम’ चैटबॉट का भी शुभारंभ किया जाएगा। पंचम एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के बीच सीधा, समयबद्ध और दो-तरफा संवाद स्थापित करेगा।

इस चैटबॉट के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़ी जानकारी, प्रशिक्षण सामग्री, सर्वेक्षण तथा पंचायत सेवाओं से संबंधित सूचनाएं आसानी से उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीण स्तर पर पारदर्शिता, दक्षता और सेवा वितरण को और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी।

पंचायती राज मंत्रालय का यह प्रयास सशक्त पंचायत, सक्षम प्रतिनिधि और डिजिटल भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share

Similar Posts