मप्र के उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में स्नान कर किया पूजन
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को माघ मेले के पुण्य अवसर पर प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम में विधिवत स्नान कर पूजन-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने माँ गंगा से देशवासियों पर कृपा बनाए रखने, समाज में सद्भाव, समरसता और नैतिक चेतना के विस्तार तथा राष्ट्र को निरंतर प्रगति और कल्याण के पथ पर अग्रसर रखने की प्रार्थना की।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ माघ मास में संगम तट पर स्नान का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस काल में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में स्नान से आत्मशुद्धि होती है तथा लोक-परलोक दोनों का कल्याण संभव होता है।
उन्होंने कहा कि त्रिवेणी संगम के पावन तट पर संतों, श्रद्धालुओं और साधकों की उपस्थिति से संपूर्ण वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार, आरती और पूजन के मध्य किया गया यह स्नान अंतर्मन को शांति, संतुलन और सकारात्मक संकल्प से भरने वाला रहा।
संत जनों से लिया आशीर्वाद
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल गुरुवार सुबह दिल्ली से लौटते समय प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने माघ मेला क्षेत्र में सतुआ बाबा के शिविर पहुंचकर संतोष दास (सतुआ बाबा) से आत्मीय भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान सनातन परंपराओं, आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक समरसता से जुड़े विषयों पर संवाद भी हुआ।
इसके साथ ही उन्होंने श्रीमद् जगद्गुरु नृसिंह पीठाधीश्वर पूज्य डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज (श्री नरसिंह मंदिर, गीताधाम जबलपुर) से भेंट कर मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद लिया। यह यात्रा आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र कल्याण की भावना से परिपूर्ण रही।






