|

प्रयागराज में भारतीय वायुसेना का प्रशिक्षण विमान तालाब में गिरा, दोनों पायलट सुरक्षित

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को भारतीय वायुसेना का एक प्रशिक्षण माइक्रोलाइट विमान उड़ान के दौरान अचानक नियंत्रण खो बैठा और शहर के बीचोंबीच केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब में जा गिरा। हादसे के दौरान विमान में सवार दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।

विमान के तालाब में गिरते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

सामान्य उड़ान के बाद बिगड़ा संतुलन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान ने शुरुआत में सामान्य तरीके से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही समय बाद इसका संतुलन बिगड़ गया। विमान तेजी से नीचे आता हुआ केपी कॉलेज के पीछे बने तालाब में जा गिरा।

हादसे के समय विमान में दो पायलट सवार थे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसी दौरान चार स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तालाब में छलांग लगाई और दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

डीसीपी ने दी जानकारी

प्रयागराज के डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि यह भारतीय वायुसेना का माइक्रोलाइट 2-सीटर प्रशिक्षण विमान था, जो संगम क्षेत्र से उड़ान भरने के बाद वापस लौट रहा था।

उन्होंने बताया कि अचानक तकनीकी कारणों से विमान का नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके चलते यह तालाब में गिर गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।

पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

डीसीपी ने कहा कि स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस के कारण पायलटों की जान बच सकी। वहीं, भारतीय वायुसेना द्वारा हादसे की जांच शुरू कर दी गई है

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया पूरा घटनाक्रम

एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि दोपहर करीब 12:15 बजे उन्हें जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो विमान तालाब में गिर चुका था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए पायलटों को बाहर निकाला।

उन्होंने कहा कि कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, जिससे पूरे इलाके ने राहत की सांस ली।

Share

Similar Posts