झाबुआ में मन्नत पूरी होने पर 2KM तक दंडवत यात्रा: गुरु पूर्णिमा महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु ; 21 किलो नुक्ती का भोग भी लगाया

झाबुआ। माछलिया घाट के प्रसिद्ध सांईबाबा मंदिर में 35वां गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। सांई मानव सेवा समिति द्वारा महोत्सव में आसपास के आदिवासी अंचलों सहित दूर-दूर के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
मन्नत पूरी होने पर की दंडवत यात्रा
ग्राम छोटा माछलिया निवासी संतोष ने कर्ज मुक्ति और परिवार की खुशहाली की मन्नत पूरी होने पर घर से सांईधाम तक करीब दो किलोमीटर की दंडवत यात्रा की। मंदिर पहुंचकर उन्होंने सांईबाबा को 21 किलो नुक्ती का प्रसाद चढ़ाया।
विधि-विधान से हुआ अभिषेक और हवन
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कालीदेवी और माछलिया क्षेत्र के श्रद्धालु दंपतियों ने मंदिर में विधि-विधान के साथ बाबा का अभिषेक किया। इसके बाद हवन-पूजन और विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
भजन-कीर्तन से भक्तिमय रहा वातावरण
महोत्सव के दौरान दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। सांई बाबा के जयकारों और भजनों से पूरा माछलिया घाट क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।