20 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, हत्या की आशंका में दोबारा होगा पोस्टमार्टम

रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत के करीब 20 दिन बाद उसके शव को कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार, बिछिया थाना क्षेत्र के कुठुलिया मोहल्ला निवासी 42 वर्षीय मोहम्मद लुकमान की 9 और 10 जुलाई की दरमियानी रात अचानक मौत हो गई थी। उस समय परिजनों ने इसे सामान्य मृत्यु मानते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए उनके पैतृक गांव बैकुण्ठपुर स्थित कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था।
घटना के लगभग 20 दिन बाद परिजनों ने बिछिया थाने पहुंचकर मोहम्मद लुकमान की मौत पर संदेह जताया और निष्पक्ष जांच के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। उनका कहना है कि उन्हें आशंका है कि लुकमान की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि इसके पीछे कोई आपराधिक कारण हो सकता है।
बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि परिजनों के आवेदन के बाद सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। संबंधित एसडीएम से अनुमति मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में बैकुण्ठपुर स्थित कब्रिस्तान से शव को बाहर निकलवाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक के भाई मोहम्मद दाऊद ने बताया कि परिवार को लुकमान की मौत पर गंभीर संदेह है। हालांकि उन्होंने किसी भी व्यक्ति पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम और पुलिस जांच से ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि रिपोर्ट में किसी प्रकार के आपराधिक तथ्य सामने आते हैं, तो उसी के अनुसार मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।