| | |

सोयाबीन किसानों के समर्थन में इंदौर में ट्रैक्टर रैली विजयवर्गीय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

प्रदेश में सोयाबीन किसानों के हित में लागू भावांतर योजना के समर्थन और राज्य सरकार के प्रति आभार जताने के लिए मंगलवार को इंदौर में भव्य ट्रैक्टर रैली निकाली गई।
इंदौर जिले के तीन ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसान 300 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ दशहरा मैदान पर एकत्र हुए। रैली दशहरा मैदान से महू नाका होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय तक निकाली गई।
इस दौरान यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से बंद रखा।

रैली से पहले दशहरा मैदान पर आयोजित सभा में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा —

“भाजपा सरकार की नीतियों ने किसानों की क्रय शक्ति को बढ़ाया है। आज स्थिति यह है कि ऑटोमोबाइल कंपनियां नई गाड़ियों के लॉन्च पर उद्योगपतियों के बजाय किसान भाइयों को बुलाती हैं — यह किसानों की आर्थिक मजबूती का प्रतीक है।”

उन्होंने बताया कि जीएसटी दरों में कमी के बाद बाइकों की कीमतों में 18 से 20 हजार रुपये तक की कमी आई है, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिला है।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और उनके उत्पाद की संपूर्ण खरीद सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्यरत है।

भाजपा इंदौर जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा ने बताया कि इस रैली का आयोजन किसानों द्वारा स्वयं किया गया था, जबकि भाजपा ने इस पहल का समर्थन करते हुए किसानों का स्वागत किया।

Share