सेवा पखवाड़ा अभियान 2025: कान्ह और सरस्वती नदी की स्वच्छता पर विशेष ध्यान

सिंहस्थ 2025 के मद्देनजर कान्ह और सरस्वती नदी की स्वच्छता एवं साफ-सफाई के लिए समयबद्ध विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। सांसद शंकर लालवानी ने जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक को संबोधित करते हुए निर्देश दिए कि नदी पुनरुद्धार और जल संरक्षण कार्यक्रम के तहत शीघ्र कार्य योजना तैयार की जाए और उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, विशेषकर बायपास और निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के डायर्वशन की मरम्मत पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सड़कों पर तकनीकी खामियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

सांसद कविता पाटीदार ने ग्रामीण क्षेत्र की नदियों की स्वच्छता पर जोर दिया और कहा कि शहरी नदियों की शुद्धता मुख्यतः ग्रामीण क्षेत्र की नदियों की सफाई पर निर्भर करती है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में गीले एवं सूखे कचरे के सेग्रीगेशन और नदियों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर से जुड़े गांवों की सफाई पर ध्यान दिया जाएगा और कचरे की प्रोसेसिंग के लिए नगर निगम की सहायता से संयुक्त कार्ययोजना तैयार की जाएगी। 22 सितंबर को “नो-कार डे” मनाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी बताया गया कि सेवा पखवाड़े के तहत खेल महोत्सव का आयोजन ग्राम से लेकर जिला स्तर तक किया जाएगा। यह महोत्सव 2 अक्टूबर तक चलेगा और इसकी जिम्मेदारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग को सौंपी गई है।

साथ ही आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जिले के 54 गाँवों में सेवा केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। इसमें महू जनपद के 52 और इंदौर जनपद के 2 गाँव शामिल हैं। मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति और प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है।
बैठक में सांसद शंकर लालवानी, कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share

Similar Posts