सागर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन पोर्टल और मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 सितम्बर को सागर जिले के जैसीनगर में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन पोर्टल और मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि प्रदेश सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने के उद्देश्य से सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नीति-2025 लागू की है।
इस नीति के तहत उपभोक्ताओं को पाइपलाइन के माध्यम से पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) उपलब्ध कराई जाएगी और वाहनों के लिए सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इससे घर-घर स्वच्छ और सस्ता ईंधन पहुंचेगा तथा मध्यप्रदेश को ग्रीन एनर्जी हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए राशन वितरण व्यवस्था को भी पूरी तरह पारदर्शी बनाया जा रहा है। “आपका राशन–आपका अधिकार” के संदेश के साथ शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उपभोक्ताओं को खाद्यान्न उपलब्ध होते ही एसएमएस से जानकारी दी जाएगी और उचित मूल्य दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचने की सूचना भी मोबाइल पर मिलेगी।
सिटी गैस नेटवर्क के विकास के लिए सिंगल विंडो पोर्टल बनाया गया है। इसके माध्यम से आवेदक संस्थाएं जिला कलेक्टर को आवेदन देकर निर्धारित समय सीमा में आवश्यक एनओसी और अनुमति प्राप्त कर सकेंगी। एनओसी के लिए 60 दिन और अनुमति के लिए अधिकतम 77 दिन की सीमा तय की गई है।
इस नेटवर्क से उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग की झंझट से मुक्ति मिलेगी और उन्हें निरंतर गैस की उपलब्धता बनी रहेगी। पीएनजी सुरक्षित ईंधन है, जिसमें सिलेंडर ब्लास्ट का खतरा नहीं होता। वहीं सीएनजी सबसे स्वच्छ ईंधनों में से एक है, जो पेट्रोल और डीजल की तुलना में बहुत कम प्रदूषण करती है। इस परियोजना से जिले में भारी निवेश, आधारभूत संरचना का विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।






