विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अफगानिस्तान के साथ आतंकवाद के खिलाफ सहयोग पर जोर दिया

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आतंकवाद के सभी रूपों का मुकाबला करने के लिए भारत और अफगानिस्तान के मिलकर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। यह बात उन्होंने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मावलवी अमीर खान मुत्तकी के साथ नई दिल्ली में बैठक के दौरान कही।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देश विकास और समृद्धि के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया। बैठक में भारत के तकनीकी मिशन को काबुल में भारतीय दूतावास के स्तर पर उन्नत करने की भी घोषणा की गई।
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी ने कहा कि उनका देश किसी भी ताकत को अफगानिस्तान की ज़मीन का इस्तेमाल दूसरे देशों के खिलाफ करने की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने भारत के साथ सकारात्मक और सम्मान पर आधारित संबंधों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।






