विजय नगर में आरटीओ की सख्त कार्रवाई, ट्रैफिक बाधित करने वाली दो बसें जब्त

विजय नगर क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्थापन को सुनिश्चित करने के लिए आरटीओ की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए दो बसें जब्त की। टीम ने आसपास के दुकानदारों को चेतावनी भी दी कि वे अपने वाहनों के कारण यातायात बाधित न करें।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि विजय नगर से भमोरी होकर एमआर-9 लिंक रोड पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बसें सड़क किनारे खड़ी रहने के कारण ट्रैफिक जाम बनता है। इस मार्ग पर बस बॉडी निर्माण का काम होता है और वाहन अक्सर अवैध रूप से सड़क पर खड़े किए जाते हैं।

एआरटीओ अर्चना मिश्रा के नेतृत्व में उड़नदस्ते ने मौके पर पहुंचकर दो बसों को जब्त कर विजय नगर आरटीओ में खड़ा किया। श्री शर्मा ने बताया कि आरटीओ की टीम लगातार शहर में लोक परिवहन, स्कूल बस और अन्य वाहनों की नियमित जांच कर रही है। इस दौरान ओवरलोडिंग, अधिक किराया वसूली, स्पीड गवर्नर, दस्तावेज़ और HSRP नंबर प्लेट की जांच की जा रही है।
पिछले दिनों विजय नगर चौराहे के पास सयाजी होटल के पीछे बसों द्वारा सड़क पर सवारी बैठाने और सामान भरने की शिकायतें मिली थीं। इस दौरान चार बसों पर मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
आरटीओ ने ट्रैवल्स संचालकों और बस मालिकों से अपील की है कि वे अपनी बसें केवल निर्धारित स्थानों से संचालित करें और ट्रैफिक बाधित न होने दें।






