रोजगारोन्मुखी जीवनयापन कर आत्मनिर्भर बनाने में सिलाई मशीन नींव का पत्थर साबित होगी – मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट

इंदौर, 29 सितम्बर 2025।
स्व. श्री माधवराव सिंधिया की स्मृति में सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री एवं सांवेर विधायक श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सिलाई मशीनें महिलाओं को रोजगारोन्मुखी जीवनयापन कर आत्मनिर्भर बनाने में नींव का पत्थर साबित होंगी।
कार्यक्रम में सांवेर ब्लॉक के 27 गाँवों की 50 बहनों को सिलाई मशीनें दी गईं। इससे पहले भी सांवेर क्षेत्र में 20 अगस्त को 80 महिलाओं और गत वर्ष 100 महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की जा चुकी हैं।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकारें लगातार महिलाओं के लिए सिलाई, कढ़ाई, बुनाई एवं अन्य योजनाएँ लाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर जनपद पंचायत इंदौर अध्यक्ष श्री विश्वजीतसिंह सिसौदिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंका टैगोर, समूह प्रभारी श्रीमती माधवी, पार्षद श्री योगेश गेंदर सहित बड़ी संख्या में बहनें उपस्थित रहीं।






