राष्ट्रपति पुतिन दिसंबर में भारत यात्रा पर, मोदी-पुतिन शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

सोची में आयोजित 2025-वाल्डाई डिस्कशन क्लब में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने घोषणा की कि वे दिसंबर की शुरुआत में भारत की यात्रा करेंगे। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।
राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को “प्रिय मित्र और भरोसेमंद साझेदार” बताते हुए भारत-रूस संबंधों को ऐतिहासिक और अटूट विश्वास पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक भारत और रूस ने बिना किसी विवाद या मतभेद के मित्रतापूर्ण संबंध बनाए रखे हैं।
पुतिन ने मौजूदा व्यापार को “वास्तविक संभावनाओं से कम” मानते हुए लॉजिस्टिक चुनौतियों और वित्तीय तंत्र सुधार की आवश्यकता बताई। उन्होंने BRICS ढांचे के भीतर रुपये, तीसरे देश की मुद्रा या इलेक्ट्रॉनिक भुगतान प्रणाली के जरिए नए समाधान तलाशने की बात कही।
उन्होंने भारत के साथ मौजूदा व्यापार असंतुलन को स्वीकारते हुए इसे दूर करने के लिए रूस की सरकार को ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भारत और रूस के बीच समन्वय को मज़बूत बताते हुए सांस्कृतिक और मानवीय रिश्तों की भी सराहना की।






