राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर का लिया जायज़ा, मानवता के महादान प्रसंग का साक्षी बना राजभवन

भोपाल (मप्र), 18 सितम्बर 2025। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का बुधवार को राजभवन साक्षी बना। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से लौटकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल सीधे शिविर पहुँचे और वहाँ की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।
राज्यपाल ने रक्तदान के लिए आए दाताओं से चर्चा की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदाताओं को फल की टोकरी उपहार स्वरूप भेंट की। शिविर में कुल 82 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें 13 महिलाएं और 69 पुरुष शामिल थे। रक्तदाताओं में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, अपर सचिव उमाशंकर भार्गव और विधि अधिकारी उमेश कुमार श्रीवास्तव भी सम्मिलित रहे।
शिविर के दौरान नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था भी की गई। स्त्रीरोग विशेषज्ञ ने 3 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। नेत्ररोग विशेषज्ञों ने 75 महिला-पुरुषों की जांच की, जबकि मेडिसन विशेषज्ञ ने 30 नागरिकों को परामर्श सेवाएं प्रदान कीं। इस प्रकार कुल 118 नागरिक इस स्वास्थ्य शिविर से लाभान्वित हुए।
शिविर का शुभारंभ सुबह राजभवन के सांदीपनि सभागार में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसे राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने किया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी रामेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





