मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वदेशी जागरण सप्ताह का किया शुभारंभ

इंदौर, 25 सितम्बर 2025 – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हर युग और हर काल की चुनौतियों का सामना हमने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की ताकत से किया है। महात्मा गांधी ने भी स्वदेशी के बल पर देश को आज़ादी दिलाई थी। इसी दृष्टिकोण से पं. दीनदयाल उपाध्याय और महात्मा गांधी के विचार भारतीय संस्कृति के संवाहक रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर स्वदेशी जागरण सप्ताह का शुभारंभ रवीन्द्र भवन में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में उन्होंने माँ भारती, महात्मा गांधी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया। रैली के माध्यम से समाज, छात्र-छात्राएँ, उद्योग जगत और व्यापारी वर्ग को स्वदेशी वस्तुएँ अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वदेशी जागरण सप्ताह 25 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक 313 विकासखंडों में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भोपाल, बैतूल, शिवपुरी और उज्जैन में स्वदेशी मेले भी लगेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी स्वदेशी के सबसे बड़े ब्रांड एम्बेसडर हैं और उनके मार्गदर्शन में देश की अर्थव्यवस्था
तेजी से आगे बढ़ रही है।


डॉ. यादव ने किसानों और कारीगरों के परिश्रम का सम्मान करने और त्योहारी सीजन में स्वदेशी वस्तुएँ खरीदने के लिए प्रदेशवासियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता समाज की सक्रिय सहभागिता के बिना संभव नहीं है।





