मध्यप्रदेश सरकार प्रतिबंधित कफ सिरप से जुड़े किसी दोषी को छोड़ेगी नहीं : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रतिबंधित कफ सिरप के उपयोग से जुड़े मामले में किसी भी दोषी को मध्यप्रदेश सरकार नहीं छोड़ेगी। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु की दवा कंपनी के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और राज्य सरकार मानवीय एवं प्रशासनिक स्तर पर कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।
डॉ. यादव गुरुवार को नागपुर के एम्स अस्पताल में उपचाररत छिंदवाड़ा के बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात करने के बाद मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में निर्मित दवा के उपयोग से बच्चों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, लेकिन तमिलनाडु सरकार की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने रैंडम सैंपल लेकर जांच करवाई, दोषी चिकित्सकों और ड्रग कंट्रोलर को निलंबित किया गया है। साथ ही, कंपनी की प्रतिबंधित दवा लगातार लिखने वाले डॉक्टरों पर भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग स्तर पर त्रुटि सामने आई है, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
डॉ. यादव ने कहा कि जैसे ही तमिलनाडु सरकार की रिपोर्ट आई, मध्यप्रदेश ने तुरंत कफ सिरप पर प्रतिबंध लगाया और कंपनी मालिक को गिरफ्तार किया। राज्य सरकार आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और किसी भी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि इस कंपनी को लाइसेंस किसने दिया और बिना जांच के इसे दोबारा रिन्यू कैसे किया गया? उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जाकर स्थल का अवलोकन कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि मध्यप्रदेश इस मामले में पीड़ित पक्ष है और अपने प्रदेश के बच्चों के लिए न्याय सुनिश्चित करेगा। “हम किसी भी दोषी के खिलाफ कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे,” उन्होंने कहा।






