|

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया स्वदेशी जागरण सप्ताह का शुभारंभ, 25 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा महा-अभियान

राजधानी भोपाल में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रवीन्द्र भवन में राज्य स्तरीय स्वदेशी जागरण सप्ताह का शुभारंभ किया। यह विशेष अभियान 25 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में संचालित होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री निवास से विशेष रैली के साथ हुई, जो रवीन्द्र भवन तक पहुँची। इस रैली में मध्यप्रदेश जन-अभियान परिषद और स्वदेशी जागरण मंच के करीब 300 प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

सरकार और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से यह अभियान प्रदेश के सभी 313 विकासखण्डों में आयोजित होगा। स्वदेशी जागरण सप्ताह का मुख्य उद्देश्य भारतीय स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहन देना और समाज में आत्मनिर्भरता का संदेश फैलाना है।

शुभारंभ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जन-अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, स्वर्णिम भारत वर्ष फाउंडेशन एवं स्वदेशी मेला के सीईओ साकेत सिंह राठौर, स्वाबलंबी भारत अभियान के सह-समन्वयक जितेंद्र गुप्त, सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान के प्रादेशिक अध्यक्ष मोहन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।

प्रदेशभर में इस सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और जनजागरूकता अभियान चलाकर स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया जाएगा।

Share

Similar Posts