भारत FAO के सहयोग से बनाएगा विश्व स्तरीय मत्स्य बंदरगाह

भारत अब संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) के सहयोग से देश में विश्व स्तरीय सुविधाजनक मत्स्य बंदरगाहों का निर्माण करेगा। इसके लिए मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के तहत मत्स्य विभाग ने तकनीकी सहयोग संधि पर हस्ताक्षर किए हैं।
समझौते के तहत तीन प्रमुख बंदरगाहों – दीव के वनकबरा, पुद्दुचेरी के कराइकल और गुजरात के जखाऊ बंदरगाह पर कुल 379.80 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
मत्स्य विभाग के सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक ऐसी मत्स्य प्रणाली विकसित करना है जो पर्यावरण अनुकूल, किफायती और सामाजिक रूप से समावेशी हो। उन्होंने बताया कि बंदरगाहों की क्षमता और कुशल कार्य निष्पादन बढ़ाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, 5G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ऑटोमेशन जैसी उन्नत तकनीकों का भी उपयोग किया जाएगा।






