भारत- ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता “विकसित भारत” दृष्टिकोण को करेगा मज़बूत: विदेश सचिव विक्रम मिसरी

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा है कि भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता देश के विकसित भारत दृष्टिकोण को और मज़बूत करेगा।
मुंबई में आयोजित एक विशेष संवाददाता सम्मेलन में श्री मिसरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने ब्रिटेन के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ भी बातचीत की और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मंच व ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 को संबोधित किया।
श्री मिसरी ने बताया कि ब्रिटेन ने भारत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए समर्थन व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग के नए आयाम खुल रहे हैं, जो आर्थिक विकास और नवाचार को गति देंगे।
विदेश सचिव ने यह भी कहा कि दोनों नेताओं की बातचीत में खालिस्तानी चरमपंथ के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। उन्होंने याद दिलाया कि इस वर्ष जुलाई में प्रधानमंत्री मोदी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान भी यह विषय प्रमुख रूप से उठा था।






