भारत–न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते से देश में आएगा 20 अरब डॉलर का निवेश: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत–न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (FTA) भारत की व्यापार कूटनीति के लिए एक निर्णायक क्षण है। उन्होंने बताया कि इस समझौते से देश में लगभग 20 अरब डॉलर का निवेश आएगा, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने बयान में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह मुक्त व्यापार समझौता भारतीय नवप्रवर्तकों, उद्यमियों, किसानों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), छात्रों और युवाओं के लिए नए एवं आकर्षक अवसर लेकर आया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन-केंद्रित विदेश नीति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भारत–न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच बढ़ते आपसी विश्वास और दीर्घकालिक समृद्धि के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह मुक्त व्यापार समझौता भारतीय निर्यात को बढ़ावा देगा और कई प्रमुख क्षेत्रों को और अधिक सशक्त बनाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, यह समझौता भारत की वैश्विक व्यापार स्थिति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।






