भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौता आज से लागू

भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के बीच व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौता (TEPA) आज से लागू हो गया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि इस समझौते पर पिछले साल 10 मार्च, नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए गए थे।
ईएफटीए एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय समूह है, जिसमें आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं। इनमें स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, जबकि नॉर्वे इसका दूसरा सबसे बड़ा भागीदार है।
TEPA एक आधुनिक और महत्वाकांक्षी समझौता है, जिसमें भारत द्वारा हस्ताक्षरित किसी भी मुक्त व्यापार समझौते में पहली बार निवेश और रोजगार सृजन से जुड़ी धारा शामिल की गई है। इस समझौते से वस्तुओं और सेवाओं के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, फरवरी 2025 से भारत में समर्पित ईएफटीए डेस्क भी चालू हो गया है। यह डेस्क ईएफटीए व्यवसायों के लिए निवेश विस्तार और परिचालन स्थापित करने में सहायता प्रदान करेगा। इसके साथ ही यह निरंतर व्यापार-सरकार संवाद का प्राथमिक चैनल बनकर भारत और ईएफटीए भागीदारों के बीच सतत सहभागिता सुनिश्चित करेगा।
#pradeshprakash-






