भारत अंतर्राष्ट्रीय नागर विमानन संगठन परिषद में फिर से चुना गया, वैश्विक मंच पर बढ़ी प्रतिष्ठा
भारत को अंतर्राष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (ICAO) की परिषद में एक बार फिर चुना गया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी देते हुए नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि यह वैश्विक स्तर पर भारतीय विमानन क्षेत्र में बढ़ते विश्वास और प्रतिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय विमानन क्षेत्र ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूत पहचान बनाई है। भारत ने न केवल घरेलू विमानन अवसंरचना को सशक्त किया है, बल्कि वैश्विक नागरिक उड्डयन मानकों को मजबूत करने में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
नागर विमानन मंत्री ने कहा कि भारत आज ICAO में एक प्रमुख भागीदार के रूप में उभरा है, जो विशेष रूप से विकासशील देशों को तकनीकी सहयोग, क्षमता निर्माण और नीति समर्थन प्रदान कर रहा है। भारत का यह योगदान वैश्विक विमानन सुरक्षा, संरक्षा और सतत विकास को बढ़ावा देने में सहायक साबित हो रहा है।
ICAO परिषद में भारत का पुनः चयन अंतरराष्ट्रीय समुदाय के भारत पर विश्वास को दर्शाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, इससे वैश्विक विमानन नीतियों के निर्माण में भारत की भूमिका और प्रभाव और अधिक मजबूत होगा तथा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए अवसर भी खुलेंगे।
