फ़िलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला अबू शावेश ने प्रधानमंत्री मोदी की सरकार की प्रशंसा की

भारत में फ़िलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला अबू शावेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की प्रशंसा की है। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में भारत सरकार फ़िलिस्तीनियों का लगातार समर्थन कर रही है।
राजदूत शावेश ने विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (UNRWA) के समर्थन पर जोर दिया, जो फ़िलिस्तीनी शरणार्थियों की सहायता के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि भारत फ़िलिस्तीन में करोड़ों डॉलर की लागत से एक अस्पताल परियोजना का निर्माण कर रहा है और भारत का विदेश मंत्रालय फ़िलिस्तीन के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध है।
शावेश ने कहा कि फ़िलिस्तीन भारत को व्यापक दृष्टिकोण से देखता है और किसी अन्य देश के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों में हस्तक्षेप नहीं करेगा।






